गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

राजघाट थाना पर डीजे संचालकों के साथ हुई बैठक : दो से अधिक साउंड बॉक्स बजाने पर होगी विधिक कार्रवाई: थाना प्रभारी सदानंद सिन्हा

गोरखपुर | 20-Sep-2025 11:53 AM | 47 |
गोरखपुर
दो से अधिक साउंड बॉक्स बजाने पर होगी विधिक कार्रवाई: थाना प्रभारी सदानंद सिन्हा

गोरखपुर। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसएसपी राजकरन नैय्यर के निर्देश पर शुक्रवार को राजघाट थाना परिसर में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी सदानंद सिन्हा ने की।

थाना प्रभारी ने शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस से सभी को अवगत कराते हुए स्पष्ट कहा कि दो साउंड बॉक्स से अधिक प्रयोग करना प्रतिबंधित है। यदि कोई व्यक्ति इसका उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सदानंद सिन्हा ने यह भी निर्देश दिए कि डीजे साउंड पर अश्लील, सांप्रदायिक और राजनीतिक गाने बिल्कुल न बजाए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा तय गाइडलाइंस का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है और पुलिस इसका सख्ती से अनुपालन कराएगी।

थाना प्रभारी ने बताया कि थाना क्षेत्र में स्थापित होने वाली सभी प्रतिमाओं का रिकॉर्ड थाने में मौजूद है। नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और जुलूस उन्हीं रास्तों से जाएंगे जो पहले से निर्धारित हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार में खलल डालने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है।

सिन्हा ने बताया कि चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनके जरिए असामाजिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं कोई समस्या या व्यवधान उत्पन्न हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

बैठक में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद कुमार राय, बसंतपुर चौकी प्रभारी उमाशंकर चौरसिया, अमरूतबाग चौकी इंचार्ज ज्ञानेंद्र सिंह, पाण्डेयहाता चौकी इंचार्ज पप्पू राय, ट्रांसपोर्ट नगर चौकी इंचार्ज विजय सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.