गोरखपुर। राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी की प्रथम साधारण सभा की बैठक रविवार को गोरखपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ जनसेवक एवं प्रबुद्ध समाजसेवी पंडित बृजेश पाण्डेय ने की। कार्यक्र...
गोरखपुर। राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी की प्रथम साधारण सभा की बैठक रविवार को गोरखपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ जनसेवक एवं प्रबुद्ध समाजसेवी पंडित बृजेश पाण्डेय ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
बैठक में 105 संस्थापक सदस्यों की उपस्थिति के बीच राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी के गठन की औपचारिक घोषणा की गई। इस दौरान पार्टी के नाम, उद्देश्य, संविधान तथा संगठनात्मक ढांचे को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने पार्टी को लोकतांत्रिक, समावेशी और जनहितैषी संगठन के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत और व्यापक स्वरूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें सबसे प्रमुख निर्णय महिलाओं को पार्टी की कार्यकारिणी और विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों में 40 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का रहा। इस प्रस्ताव को उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधियों की सहभागिता रही, जिन्होंने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
साधारण सभा में पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। इसके तहत कुलदीप पाण्डेय को राष्ट्रीय अध्यक्ष, अशोक कुमार चंद्रा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अखिलेश मल्ल को राष्ट्रीय महासचिव तथा रमेश पाण्डेय को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद सभी पदाधिकारियों को संगठन, संविधान और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित समुदायों के अधिकारों तथा सम्मान की रक्षा के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल उद्देश्य "सबका सम्मान – सबका कल्याण" के सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाना है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
सभा में सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी के विधिवत पंजीकरण के लिए भारत निर्वाचन आयोग में आवेदन किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय को अधिकृत किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्वाचन आयोग में पंजीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत करेगी।
बैठक के समापन पर अध्यक्षता कर रहे पंडित बृजेश पाण्डेय ने सभी संस्थापक सदस्यों, पदाधिकारियों, महिला प्रतिनिधियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कुलदीप पाण्डेय, अखिलेश मल्ल, अशोक कुमार चंद्रा, रमेश पाण्डेय, प्रमोद चोखानी, धनंजय द्विवेदी, रामेश्वर मिश्रा, रविंद्र मोहन त्रिपाठी, शैलजा पाण्डेय, सारिका मिश्रा, ज्योति, संगीता, नितिन श्रीवास्तव, सूर्य प्रकाश पाण्डेय, रितांशु गुप्ता सहित बड़ी संख्या में संस्थापक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।