रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले सांसद रवि किशन : गोरखपुर एयरपोर्ट विस्तार पर हुई अहम चर्चा
नई दिल्ली/गोरखपुर। गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद Ravi Kishan ने संसद भवन में भारत के रक्षा मंत्री Rajnath Singh से शिष्टाचार भेंट कर गोरखपुर एवं पूर्वांचल के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान सांसद ने विशेष रूप से गोरखपुर एयरपोर्ट के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही यात्री संख्या, औद्योगिक गतिविधियों, निवेश की संभावनाओं तथा पर्यटन के विस्तार को देखते हुए एयरपोर्ट का शीघ्र विस्तार समय की आवश्यकता बन चुका है।
सांसद रवि किशन ने रक्षा मंत्री को बताया कि गोरखपुर पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रमुख शहर होने के साथ-साथ नेपाल सीमा के निकट स्थित एक महत्वपूर्ण रणनीतिक एवं व्यावसायिक केंद्र भी है। ऐसे में यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त विस्तारित एयरपोर्ट न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि पूर्वांचल की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा, नए उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक के दौरान सांसद ने रक्षा मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अन्य जनहित के विषयों तथा स्थानीय समस्याओं की ओर भी रक्षा मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों की सुविधाओं और विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े मामलों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा तथा जो भी विषय व्यवहारिक और नियमों के अनुरूप होंगे, उन पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुलाकात के बाद सांसद रवि किशन ने रक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गोरखपुर और पूरे पूर्वांचल का संतुलित एवं समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें संसद में भेजा है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए वे लगातार केंद्र सरकार के समक्ष स्थानीय समस्याओं और विकास संबंधी प्रस्तावों को प्रभावी ढंग से रख रहे हैं।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूर्वांचल के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और हवाई संपर्क के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का लाभ क्षेत्र की जनता को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गोरखपुर एयरपोर्ट विस्तार सहित बैठक में उठाए गए सभी महत्वपूर्ण विषयों पर जल्द सकारात्मक प्रगति देखने को मिलेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा और गति प्राप्त होगी।