गोरखपुर। संचारी रोगों की रोकथाम और जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रविवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (5 से 31 अक्टूबर) का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित पर्यटन भवन से सदर सांसद...
गोरखपुर। संचारी रोगों की रोकथाम और जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रविवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (5 से 31 अक्टूबर) का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित पर्यटन भवन से सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने संचारी रोग निवारण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “स्वच्छता और जनजागरूकता ही बीमारी से बचाव का सबसे कारगर हथियार है।”
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह से हुई, जहां सांसद ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, नगर निगम, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को शपथ दिलाई। शपथ में सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने गाँव, वार्ड और मोहल्लों को रोगमुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे और साफ-सफाई को जीवनशैली का हिस्सा बनाएंगे।
सांसद रवि किशन ने कहा कि “घर-घर दस्तक अभियान — स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोग को हराना है” को सफल बनाने के लिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता के अनुरूप यह अभियान जन-आंदोलन का रूप लेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश झा ने बताया कि जिले में संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2025 में अब तक केवल 21 इंसेफलाइटिस के मरीज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम हैं। इसे उन्होंने प्रशासनिक कार्यवाही और जन-सहयोग का संयुक्त परिणाम बताया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 11 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर बुखार, डेंगू, मलेरिया, जापानी इंसेफलाइटिस, चिकनगुनिया सहित अन्य बीमारियों से बचाव की जानकारी देंगी तथा बीमार व्यक्तियों को तत्काल सरकारी अस्पताल तक पहुँचाने हेतु प्रेरित करेंगी।
इस अवसर पर विधायक विपिन सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसीएमओ डॉ. राजेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, बीएसए रामेंद्र सिंह, डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह, पार्षद अजय राय, पार्षद रढ़नजन्य जुगनू सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में सांसद रवि किशन ने सभी नागरिकों से अपील की कि “यह अभियान तभी सफल होगा जब हर व्यक्ति अपने घर और आसपास की स्वच्छता की जिम्मेदारी खुद उठाए। अगर जनता और प्रशासन मिलकर काम करें, तो गोरखपुर को पूरी तरह रोगमुक्त बनाया जा सकता है।”