गोरखपुर। समाजवादी पार्टी जिला सैनिक प्रकोष्ठ की बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष चन्द्रभान यादव ने की तथा संचालन एस.के. यादव ने किया। बैठक में...
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी जिला सैनिक प्रकोष्ठ की बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष चन्द्रभान यादव ने की तथा संचालन एस.के. यादव ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत संगठन की मजबूती पर विचार-विमर्श से हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में पीडीए वर्ग के लोगों के साथ अन्याय और शोषण चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। समाज में भाईचारे और विकास की बजाय नफरत का माहौल पैदा किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार व्यापार और कारोबार विरोधी है। छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। महंगाई और बेरोजगारी ने जनता का जीवन दूभर कर दिया है। किसान कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं, जबकि नौजवान रोजगार के अभाव में हताश और निराश हैं। प्रदेश की जनता तरक्की और खुशहाली चाहती है लेकिन भाजपा सरकार केवल नकारात्मक राजनीति कर रही है।
ब्रजेश कुमार गौतम ने जोर देकर कहा कि "पीडीए" समाजवादी पार्टी का सकारात्मक नारा है। समाजवादी पार्टी हर वर्ग को सम्मान और अवसर देने में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए वर्ग के अधिकार और अवसर छीन रही है, लेकिन जनता अब सब कुछ समझ चुकी है। आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।
उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश में बनेगी। उस समय समाजवादी व्यवस्था के तहत हर वर्ग को बराबरी का सम्मान मिलेगा, रोजगार और कारोबार को बढ़ावा दिया जाएगा तथा किसान, नौजवान और व्यापारी खुशहाल होंगे।
बैठक में जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गाँव-गाँव, मोहल्ले-मोहल्ले जाकर जनता से संवाद करें और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है, इसलिए कार्यकर्ताओं को संगठित होकर जनता के बीच जाना होगा।
इस अवसर पर सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष चन्द्रभान यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से गरीब, किसान, नौजवान और व्यापारियों के हक की लड़ाई लड़ती रही है। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त है और यही असंतोष आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से प्रदीप यादव, इंद्रेश यादव, धर्मेन्द्र यादव, वी.के. यादव, राकेश कुमार, श्रवण कुमार, जयहिंद, मदन, सत्यदेव, तहसीलदार, रामबचन, सुरेंद्र, आर.एन. यादव, रामसिंह, अनिल, शेषमणि, श्रीराम, वी.पी. शर्मा, रामअवध गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक का समापन नारेबाजी और समाजवादी पार्टी की जीत के संकल्प के साथ हुआ।