गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ई-रिक्शा में सफर कर रहे एक व्यापारी के साथ हु...
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ई-रिक्शा में सफर कर रहे एक व्यापारी के साथ हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से 39,000 रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए। दोनों को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया है।
महाराजगंज जिले के निवासी ओमप्रकाश पटेल 29 सितंबर को अपनी पत्नी के साथ रेती चौक के पास स्थित शहमारूफ़ बाजार में खरीदारी के लिए ई-रिक्शा से आए थे। इसी दौरान उनके साथ सवार दो शातिर चोरों ने बड़ा हाथ साफ करते हुए उनके पास रखे 39 हजार रुपये नगद, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज चुपचाप पार कर दिए। पीड़ित दंपति को चोरी की जानकारी तब हुई जब वे शहमारूफ़ पहुंचे। उन्होंने तत्काल कोतवाली थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
घटना के खुलासे की ज़िम्मेदारी कोतवाली थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने नखास चौकी इंचार्ज विवेक कुमार चतुर्वेदी को सौंपी। विवेक चतुर्वेदी ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से घटना की कड़ियां जोड़ीं। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने इलाहीबाग बँधे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अवधेश कुमार उर्फ गुड्डू पुत्र राम अवध निवासी जाटेपुर उत्तरी, थाना गोरखनाथ तथा उसके साथी देवा के रूप में हुई। पुलिस जांच में पता चला कि अवधेश गुड्डू के खिलाफ पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके साथी देवा का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। तलाशी के दौरान पुलिस ने चोरी किया गया पूरा 39,000 रुपये नगद, आधार कार्ड और दस्तावेज बरामद कर लिए।
पूछताछ में दोनों ने वारदात को स्वीकार किया और बताया कि वे ई-रिक्शा और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर यात्रियों को निशाना बनाते हैं। पुलिस ने दोनों को चालान कर न्यायालय भेजा, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में नखास चौकी इंचार्ज विवेक कुमार चतुर्वेदी, कांस्टेबल रंजीत सोनी, मनोज कुमार, अंकित कुमार, ब्रह्मानंद कुमार और अभिषेक मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस ने टीम की तत्परता की प्रशंसा की है।