सदर कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद खुले में मेडिकल वेस्ट फेंका जा रहा है। सड़क किनारे पड़े इंजेक्शन, बैंडेज, दवाओं के खाली शीशे और अन्य जैविक कचरे के ढेर ने न केवल इलाके की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि यह मवेशियों और आम नागरिकों के जीवन के लिए गंभीर खतरा बन गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभागों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। सड़क किनारे पड़े इंजेक्शन और ब्लड-सोखित बैंडेज को लेकर लोगों में संक्रमण फैलने की आशंका गहराती जा रही है। बच्चे और मवेशी इस कचरे के संपर्क में आकर बीमार पड़ सकते हैं, जिससे किसी बड़े संक्रमण का खतरा भी उत्पन्न हो सकता है।
खुले में पड़े इस मेडिकल वेस्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और नगर निकाय की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बड़ी मात्रा में इस्तेमाल किए गए मेडिकल उपकरण और दवाएं खुले में बिखरी हुई हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह का मेडिकल कचरा बिना उचित निस्तारण के फेंकना पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का खुला उल्लंघन है। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है और दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।
Loading more posts...