वृंदावन में जबरन शराब की दुकानों को बंद कराने के मामले में गिरफ्तार दक्ष चौधरी को अब बड़ा धार्मिक समर्थन मिल गया है। बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री खुलकर दक्ष चौधरी के पक्ष में आ गए हैं। सोशल मीडिया ...
वृंदावन में जबरन शराब की दुकानों को बंद कराने के मामले में गिरफ्तार दक्ष चौधरी को अब बड़ा धार्मिक समर्थन मिल गया है। बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री खुलकर दक्ष चौधरी के पक्ष में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में बाबा बागेश्वर न सिर्फ दक्ष का बचाव करते दिख रहे हैं, बल्कि उन्होंने हिंदुत्व की लड़ाई लड़ने वालों के समर्थन में एकजुट होने की अपील भी की है।
वीडियो में पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “अगर आप हिंदुत्व के लिए लड़ नहीं सकते तो जो लड़ रहे हैं, कम से कम उनके साथ खड़े तो हो सकते हैं। जब हम साथ खड़े होंगे, तभी विरोधियों को हमारी ताकत का अंदाज़ा होगा। उन्हें पता चलेगा कि हमारी संख्या कम नहीं है।” उन्होंने कहा कि दक्ष चौधरी गौ माता, हिंदुत्व और ब्रज क्षेत्र को मांस-मदिरा से मुक्त कराने की लड़ाई लड़ रहा है, इसलिए समाज को उसका साथ देना चाहिए।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बाबा बागेश्वर के आह्वान पर गाजियाबाद निवासी दक्ष चौधरी और उसके साथियों ने वृंदावन मार्ग पर स्थित कई शराब की दुकानों को जबरन बंद करा दिया था। इस कार्रवाई के दौरान दुकानों के सेल्समैन से कहासुनी और विवाद की स्थिति भी बनी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दक्ष चौधरी सहित कई साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर हिंदुत्व समर्थक संगठनों में हलचल तेज हो गई है। बाबा बागेश्वर के बयान के बाद अब यह मामला और गरमाने की संभावना है। समाजिक और धार्मिक संगठनों की नजर इस पूरे घटनाक्रम पर टिकी हुई है।