लखनऊ/सिद्धार्थनगर:सिद्धार्थनगर जिले की शोहरतगढ़ विधानसभा से पूर्व विधायक अमर सिंह चौधरी ने आज समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है। यह उनका पांचवां पार्टी परिवर्तन है...
लखनऊ/सिद्धार्थनगर:
सिद्धार्थनगर जिले की शोहरतगढ़ विधानसभा से पूर्व विधायक अमर सिंह चौधरी ने आज समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है। यह उनका पांचवां पार्टी परिवर्तन है। उन्होंने लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
अमर सिंह चौधरी ने कहा कि “मैं जब सत्ता में था, तभी से मन बना चुका था कि मुझे समाजवादी विचारधारा से जुड़ना है। आज अखिलेश यादव जी की कृपा और मार्गदर्शन से मेरा यह सपना पूरा हुआ है। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मैं समाजवादी पार्टी का सिपाही बनकर जनता की सेवा कर सकूँ।”
समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद अमर सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही उनका संकल्प है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ही प्रदेश को सही दिशा दे सकती है और युवाओं, किसानों, मजदूरों तथा गरीब वर्ग के लिए अखिलेश यादव ही सशक्त विकल्प हैं।
राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में चौधरी का अच्छा प्रभाव माना जाता है। उनके सपा में शामिल होने से आगामी विधानसभा चुनाव में समीकरणों पर असर पड़ना तय है।
समाजवादी पार्टी नेतृत्व ने भी अमर सिंह चौधरी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और संघर्षशील व्यक्तित्व से संगठन और मजबूत होगा।