सिद्धार्थनगर:शिक्षा व्यवस्था की मजबूती और शिक्षक समुदाय की गरिमा को बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ लगातार प्रयासरत है। जिले के शिक्षक साथियों को लंबे समय से जिन समस्याओं का सामना करना पड़ र...
सिद्धार्थनगर:
शिक्षा व्यवस्था की मजबूती और शिक्षक समुदाय की गरिमा को बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ लगातार प्रयासरत है। जिले के शिक्षक साथियों को लंबे समय से जिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उनमें गैर शैक्षणिक कार्यों का अत्यधिक बोझ, स्थानान्तरण की पारदर्शी नीति का अभाव, बाल्य देखभाल अवकाश और एक दिन के मेडिकल अवकाश की सुविधा न मिलना, अल्प समय अनुपस्थिति पर पूरे दिन का वेतन काटे जाने की विसंगति, निलम्बन-बहाली प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार, एरियर भुगतान में विलंब, वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) से जुड़ी कठिनाइयाँ तथा अधिकारियों द्वारा गरिमामय व्यवहार का अभाव प्रमुख हैं।
इन समस्याओं के अतिरिक्त TET प्रकरण में केन्द्र सरकार की असंवेदनशीलता ने शिक्षकों की पीड़ा को और गहरा कर दिया है। इन ज्वलंत मुद्दों के समाधान हेतु राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रान्तीय नेतृत्व के आह्वान पर आगामी 12 सितम्बर 2025 को जिला मुख्यालय सिद्धार्थनगर पर शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री जी को TET प्रकरण के समाधान हेतु आग्रह पत्र प्रेषित करेंगे। इसी प्रकार माननीय मुख्यमंत्री जी को भी ज्ञापन देकर शिक्षकों की अन्य समस्याओं पर ध्यान दिलाया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आदित्य शुक्ल ने कहा कि “हमारा कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण होगा। उद्देश्य सरकार तक शिक्षकों की वास्तविक समस्याएँ पहुँचाना है। हमें पूरा विश्वास है कि हमारी सामूहिक आवाज़ को सुना जाएगा।”
जिला महामंत्री पंकज त्रिपाठी ने अपील की कि “सभी शिक्षक साथियों से अनुरोध है कि 12 सितम्बर को समय से जिला मुख्यालय पहुँचें और संख्या बल के साथ एकजुट होकर ज्ञापन-प्रेषण में भाग लें। यही हमारी ताकत है।”
जिला कोषाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि “शिक्षकों की समस्याओं का समाधान तभी संभव है जब हम संगठित होकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात शासन तक पहुँचाएँ। यह अवसर हम सबके लिए ऐतिहासिक साबित होगा।”
इसके साथ ही पदाधिकारियों शिवपाल सिंह, विपुल सिंह, रेणु मणि त्रिपाठी, प्रतिभा त्रिपाठी, जे.पी. गुप्ता, अंजनी झा, आनंद पांडेय, सुरेन्द्र गुप्ता, राकेश पांडेय, अरुण चतुर्वेदी, अजय साहू, अरुण भास्कर, धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, संजीव कुमार, संगीत शुक्ला, हरिशंकर सिंह, लोकेन्द्र कुमार, आशीष पांडेय, अनुराग कुमार, इमरान एवं संतोष पांडेय ने भी जिले के समस्त शिक्षकों से 12 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर पहुँचकर संख्या बल में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।
महासंघ ने सभी शिक्षकों से आग्रह किया है कि वे बड़ी संख्या में पहुँचकर इस शांतिपूर्ण ज्ञापन-प्रेषण को सफल बनाएं।