सिद्धार्थनगर:राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर आगामी 01 सितम्बर 2025 को जिले के सभी विद्यालयों में “हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान” अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर महासंघ के प्रतिनिधि...
सिद्धार्थनगर:
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर आगामी 01 सितम्बर 2025 को जिले के सभी विद्यालयों में “हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान” अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने आज जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री शैलेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया।
इस कार्यक्रम में जिला संयोजक मनोज त्रिपाठी, सह संयोजक रेण मणि त्रिपाठी तथा सह संयोजक सुरेन्द्र गुप्ता की विशेष भूमिका रहेगी। ज्ञापन सौंपते समय तीनों ने विस्तार से बताया कि यह अभियान विद्यालयों को गौरव व स्वाभिमान से जोड़ने का एक सशक्त प्रयास है और विद्यार्थी, अभिभावक तथा शिक्षक तीनों स्तरों पर सकारात्मक संदेश देगा।
ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष आदित्य शुक्ला, जिला महामंत्री पंकज त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष अभय सिंह,उपाध्यक्ष जे. पी. गुप्ता एवं वरिष्ठ पदाधिकारी अंजनी झा भी शामिल रहे।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 01 सितम्बर को सभी विद्यालयों में निम्न गतिविधियाँ होंगी—
- विद्यालय की साफ-सफाई एवं भित्ति चित्रण
- सांस्कृतिक आयोजन एवं गोष्ठी
- विद्यार्थियों की रैली एवं अभिभावक सहभागिता
- विद्यालय को गौरव और सम्मान का केन्द्र बनाने संबंधी कार्यक्रम
जिलाध्यक्ष आदित्य शुक्ला ने कहा कि विद्यालय समाज की आत्मा हैं और इस अभियान से शिक्षा की गरिमा और बढ़ेगी।
महामंत्री पंकज त्रिपाठी ने कहा कि संगठन की सभी इकाइयों को निर्देश भेजे जा चुके हैं और यह अभियान प्रत्येक विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल बनाएगा।
अंत में संयोजक मनोज त्रिपाठी, सह संयोजक रेनु मणि त्रिपाठी एवं सह संयोजक सुरेन्द्र गुप्ता ने सभी शिक्षकों और अभिभावकों से इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।