अलीगढ़ के थाना क्वारसी क्षेत्र स्थित निरंजन पुरी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गैस सिलेंडर लीकेज के कारण घर में आग लग गई। इस घटना में एक महिला की झुलसकर मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच ...
अलीगढ़ के थाना क्वारसी क्षेत्र स्थित निरंजन पुरी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गैस सिलेंडर लीकेज के कारण घर में आग लग गई। इस घटना में एक महिला की झुलसकर मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरंजन पुरी निवासी हरि बाबू शर्मा के घर में इंडेन गैस का सिलेंडर रखा हुआ था, जो अचानक लीकेज करने लगा। गैस फैलने के दौरान किसी कारणवश आग लग गई। आग लगने से घर का बहुत सारा सामान जैसे बिस्तर, गद्दे और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। आग की चपेट में आने से घर में मौजूद महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
बताया जा रहा है कि हरि बाबू शर्मा ने काफी प्रयास कर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन इस दौरान उनका हाथ भी बुरी तरह झुलस गया। इसके बावजूद वे आग बुझाने में लगे रहे, हालांकि तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह सिलेंडर गोविला गैस एजेंसी से संबंधित था। घटना के बाद क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की सुरक्षा और एजेंसियों की लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जाए।