अलीगढ़ में एसपी के नाम से फर्जी ऑडियो वायरल करने वाला शातिर हाथरस से गिरफ्तार : सिविल लाइन पुलिस ने धर दबोचा
अलीगढ़। सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार कर शहर की फिजा बिगाड़ने वालों के खिलाफ अलीगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। खुद को 'क्षत्रिय करणी सेना' का पदाधिकारी बताकर और जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नाम से फर्जी व मनगढ़ंत ऑडियो वायरल करने वाले एक युवक को थाना सिविल लाइन पुलिस ने पड़ोसी जिले हाथरस से गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी के नाम पर किया था झूठा दावा
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक भ्रामक पोस्ट अपलोड की थी, जिसमें उसने दावा किया कि उसकी बातचीत अलीगढ़ के पुलिस अधीक्षक से हुई है। साथ ही बातचीत का एक कथित ऑडियो भी इंटरनेट पर वायरल कर दिया। पुलिस जांच में यह दावा पूरी तरह फर्जी और बेबुनियाद निकला। न तो एसपी से उसकी कोई बात हुई थी और न ही उस ऑडियो में पुलिस अधीक्षक की आवाज थी। आरोपी का मकसद जिले के सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को प्रभावित करना था।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस ने फौरन संज्ञान लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(2), 351(2), 352 और 221 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
हाथरस से हुई गिरफ्तारी
मुकदमा दर्ज होते ही सिविल लाइन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दबिश दी और आरोपी मनोज सिकरवार (पुत्र गिरिराज सिंह), निवासी ग्राम गढ़ी नोकस (जैतई), थाना सादाबाद, जनपद हाथरस को उसके इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।