वंदे मातरम् के कथित अपमान पर क्षत्रिय करणी सेना सख्त : एसएसपी को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग
अलीगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर विवाद सामने आया है। मामले को लेकर क्षत्रिय करणी सेना ने अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष/सह प्रभारी ठाकुर ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान ने कहा है कि मीडिया एवं सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के अनुसार कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन/प्रसारण को बीच में रोकने का मामला सामने आया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य नेता मौजूद थे। संगठन ने इस पूरे मामले को राष्ट्रगीत के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर जांच कराने की मांग की है।
क्षत्रिय करणी सेना की ओर से पुलिस से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि ‘वंदे मातरम्’ देश के राष्ट्रगीत के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके सम्मान की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।
अब शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में क्या कदम उठाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।