आग की लपटें देख जान बचाकर भागे लोग, बच्चों को गोद में उठाकर पुलिस ने निकाला*।
दमकल की चार गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू*।
गोरखपुर। मोहद्दीपुर चौराहे पर शुक्रवार की देर रात एक रूई-गद्दे की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। दुकान में रखी रूई और गद्दों ने आग पकड़ ली तो देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। आग की भयावहता देखकर आसपास के घरों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
घरों से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। लोग अपने परिवार और बच्चों को लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इस दौरान मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने घरों में फंसे बच्चों को गोद में उठाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर चौराहे पर मो. ओवैसी की रूई और गद्दे की दुकान है। शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे दुकान में अचानक आग लग गई।
शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकान में बड़ी मात्रा में रूई और गद्दे रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और आसपास के इलाके में धुआं फैल गया।
देर रात अचानक उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के मकानों में रहने वाले लोग घबरा गए। कई परिवार घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। आग की तपिश और धुएं के कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
इस दौरान कुछ बच्चे घरों के अंदर मौजूद थे। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घरों में मौजूद बच्चों को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।
पुलिस की इस सक्रियता से लोगों को बड़ी राहत मिली।
आग लगने की सूचना पर करीब 20 मिनट बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दुकान में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो रहा था।
दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को आसपास के मकानों और अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के दौरान मोहद्दीपुर चौराहे और आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। आग बुझाने के दौरान पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर जुटी रहीं। राहत की बात यह रही कि पुलिस ने समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास किया।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। दुकान में हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना है।










