महराजगंज- जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 16 नवंबर से शुरू होने वाली स्वगणना प्रक्रिया को सफल बनाने और अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को स्वगणना अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा निर्धारित समय में पूरी जिम्मेदारी के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना जनगणना प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसमें जितनी अधिक संख्या में नागरिक स्वयं भागीदारी करेंगे, आगे होने वाला जनगणना कार्य उतना ही सरल और व्यवस्थित होगा। स्वगणना के माध्यम से प्राप्त जानकारी से सही, सटीक और विश्वसनीय आंकड़े जुटाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं अपने क्षेत्रों का भ्रमण करें और प्रगणकों को सक्रिय करते हुए अभियान की नियमित निगरानी करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आम नागरिकों को स्वगणना के प्रति जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी ने व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल सरकारी स्तर तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए व्यापारियों, उद्यमियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों और अन्य प्रभावशाली लोगों के साथ बैठक कर उनका सहयोग लिया जाए, ताकि स्वगणना का संदेश अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंच सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी जिला पंचायतराज अधिकारी को सौंपते हुए डीएम ने डुग्गी-मुनादी के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों, सरकारी कार्यालयों तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जनगणना-2027 से संबंधित जागरूकता संदेश और प्रचार सामग्री प्रदर्शित कराने को कहा। उद्देश्य यह है कि प्रत्येक नागरिक को स्वगणना की प्रक्रिया और उसमें अपनी भागीदारी के महत्व की जानकारी मिल सके। जिलाधिकारी ने अभियान की प्रभावी निगरानी और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए सभी तहसीलों तथा नगर निकायों में जनगणना संबंधी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए। इन कंट्रोल रूम के माध्यम से स्वगणना अभियान की प्रगति पर नियमित नजर रखी जाएगी तथा आवश्यक सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक से पूर्व जिलाधिकारी ने स्वगणना की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार ने जनगणना की आगामी प्रक्रियाओं और तैयारियों के संबंध में जानकारी दी।उन्होंने जनगणना आयुक्त एवं निदेशक, जनगणना की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य संपादित कराने पर भी प्रकाश डाला।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, समस्त चार्ज अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










