गोरखपुर। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को गोरखनाथ स्थित सेंट जोसेफ हाई स्कूल में उत्साह और उल्लास के साथ समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने खेलकूद, चित्रकला, हस्तकला और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर थॉमस फिलिप ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद प्रार्थना सभा में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए।
बाल दिवस पर चित्रकला, हस्तकला और निबंध लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच मैत्रीपूर्ण खेल मुकाबला भी हुआ। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
अपनी कलाकृतियों और रचनाओं के माध्यम से उन्होंने कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच का परिचय दिया।
प्रधानाचार्य फादर थॉमस फिलिप ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनकी कलात्मक, रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को भी निखारना है। बच्चों में जिज्ञासा विकसित करना, उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करना और नए लक्ष्य हासिल करने का आत्मविश्वास पैदा करना विद्यालय की प्राथमिकता है।
उन्होंने समारोह के सफल आयोजन में शिक्षकों और विद्यालय परिवार के योगदान की सराहना की। समारोह ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी छिपी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर दिया।










