अलीगढ़। हरनारायण सराय, सासनी गेट निवासी सत्येंद्र सक्सेना, जो पिछले लगभग आठ वर्षों से अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ प्रतिभा कॉलोनी में रह रहे थे, ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सत्येंद्र सक्सेना का कहना है कि वह नोएडा स्थित एक मोबाइल कंपनी में नौकरी करते थे और छुट्टियों में अपने घर आया करते थे।
पीड़ित के अनुसार वर्ष 2026 की शुरुआत से उनकी पत्नी बेबी सक्सेना का व्यवहार अचानक बदल गया, जिसके बाद उनका खुशहाल पारिवारिक जीवन विवाद और झगड़ों में बदल गया। सत्येंद्र सक्सेना का आरोप है कि उन्होंने जो मकान बनवाया था, वह पत्नी के नाम पर था, लेकिन अब उस मकान पर पत्नी ने कब्जा कर लिया है। उनका यह भी कहना है कि जिस किराए के मकान में वे रह रहे थे, वहां से भी उन्हें बाहर निकाल दिया गया।
सत्येंद्र सक्सेना का आरोप है कि उनकी पत्नी ने दोनों बेटों को भी उनके खिलाफ भड़का दिया है, जिसके चलते अब दोनों बेटे भी उनका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब एक से डेढ़ माह पहले उनके सिर पर हमला किया गया, जिससे उन्हें चोटें आई थीं।
पीड़ित के अनुसार, 11 जुलाई 2026 की शाम उनकी पत्नी उन्हें थाने ले गई, जहां पत्नी ने आरोप लगाया कि वह उन्हें खर्च के लिए पैसे नहीं देते और उनके साथ मारपीट करते हैं। सत्येंद्र सक्सेना का कहना है कि पुलिस ने उन्हें थाने में बैठा लिया। उनका कहना है कि 12 जुलाई 2026 को उन्होंने स्वयं अपनी जमानत कराई, जिसके बाद उन्हें थाने से रिहा कर दिया गया।
सत्येंद्र सक्सेना ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
नोट: यह समाचार सत्येंद्र सक्सेना द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके पक्ष पर आधारित है। मामले में दूसरे पक्ष का बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
रिपोर्ट - संजीव कुमार