विश्व सीपीआर दिवस पर होप हॉस्पिटल में जीवनरक्षक सीपीआर प्रशिक्षण का आयोजन : विशेषज्ञ बोले— हर नागरिक को सीपीआर का प्रशिक्षण मिलना चाहिए
अलीगढ़, 21 जुलाई। विश्व सीपीआर दिवस के अवसर पर रामघाट रोड स्थित होप हॉस्पिटल में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) अलीगढ़ शाखा के सहयोग से सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक सीपीआर तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।
प्रशिक्षण में अलीगढ़ के विभिन्न नर्सिंग होम एवं अस्पतालों से आए 50 से अधिक नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कर्मियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को नवीनतम सीपीआर गाइडलाइंस के अनुसार चेस्ट कंप्रेशन, रेस्क्यू ब्रीदिंग तथा हृदय गति रुकने की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी उपचार की विधियों का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक वरिष्ठ एनेस्थेटिस्ट डॉ. नीता सक्सेना रहीं। उन्होंने सीपीआर की प्रत्येक प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए बताया कि सही समय पर और सही तकनीक से दिया गया सीपीआर किसी भी व्यक्ति का जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से नियमित रूप से ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आईएपी अलीगढ़ शाखा के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बंसल, सचिव डॉ. अभिषेक शर्मा एवं कोषाध्यक्ष डॉ. नीलम मंधार सहित शहर के कई वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी सीपीआर का प्रशिक्षण मिलना चाहिए, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में अधिक से अधिक लोगों का जीवन बचाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने सीपीआर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह एक ऐसा जीवनरक्षक कौशल है, जिसे प्रत्येक नागरिक को सीखना चाहिए। उनका कहना था कि सही समय पर दिया गया सीपीआर बच्चे, युवा या बुजुर्ग किसी भी व्यक्ति की जान बचा सकता है। उन्होंने समाज में अधिक से अधिक लोगों को सीपीआर प्रशिक्षण से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
रिपोर्ट - विष्णु बजरंगी