अलीगढ़ न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / अलीगढ़
🚨 Breaking News | अलीगढ़

24 घंटे में लूटकांड का खुलासा : बोले—कारपेंटर ने घर की रेकी कर साथी संग दिया वारदात को अंजाम

अलीगढ़ | 19-Jul-2026 05:35 PM | 519 |
अलीगढ़
बोले—कारपेंटर ने घर की रेकी कर साथी संग दिया वारदात को अंजाम


सबहेडिंग:

अलीगढ़। जनपद के थाना रोरावर क्षेत्र में विद्युत विभाग के कर्मचारी के घर हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि थाना रोरावर पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, घटना से संबंधित दस्तावेज, दो अवैध तमंचे .315 बोर तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि 17 जुलाई को अज्ञात बदमाशों ने विद्युत विभाग के कर्मचारी के घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों को बंधक बना लिया था तथा अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना रोरावर पर मुकदमा संख्या 320/2026 दर्ज कर छह संयुक्त पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिराज अली और मुजम्मिल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शिराज अली ने बताया कि वह करीब तीन-चार माह पहले पीड़ित के घर कारपेंटर का कार्य करने गया था। इसी दौरान उसने घर की पूरी दिनचर्या और परिवार की गतिविधियों की जानकारी हासिल कर ली। बाद में अपने साथी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
एसपी सिटी के अनुसार आरोपियों के कब्जे से दो मंगलसूत्र, पांच चेन, एक हार, पायल, करधनी, कंगन, अंगूठियां, झुमकी, बिछुए समेत बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, आधार कार्ड, विद्युत विभाग की आईडी तथा दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की है। प्रेस वार्ता में एसपी सिटी ने संयुक्त पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने 24 घंटे के भीतर घटना का सफल अनावरण कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
रिपोर्ट -  जे डी सिंह और अंशुल सहगल

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.