अलीगढ़ में विवाहिता ने लगाया मारपीट व दहेज उत्पीड़न का आरोप
अलीगढ़। एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट, दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 2 मार्च 2025 को सौरभ माहौर पुत्र अशोक माहौर निवासी साकेत विहार कॉलोनी, अलीगढ़ से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उसके पति का भाई गौरव माहौर उसके साथ बदतमीजी करता था और लगातार दहेज की मांग करता था। विरोध करने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। पीड़िता ने बताया कि 19 अप्रैल 2026 को वह समाजसेविका गौरी पाठक से मिली और अपनी समस्या बताई। जब गौरी पाठक उसके साथ ससुराल पहुंचीं, तो वहां बातचीत करने के बजाय आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज शुरू कर दी। साथ ही गौरी पाठक को भी धमकी दी गई कि अगर उन्होंने इस मामले में हस्तक्षेप किया तो उनके खिलाफ एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। आरोप है कि इस दौरान गौरी पाठक का फोन छीन लिया गया और उसमें रिकॉर्ड वीडियो को डिलीट कर दिया गया। बाद में काफी प्रयास के बाद फोन वापस किया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय नेताओं के सहयोग से ससुराल पक्ष अब उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बना रहा है। पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।