PHM NEWS

अलीगढ़: ससुराल वालों की दरिंदगी की एक और शिकार बनी महिला

प्रकाशित: 03 May 2026

अलीगढ़।जनपद के थाना क्वार्सी इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बिस्मिल्लाह कॉलोनी, मंजूरगढ़ी में एक विवाहिता की ससुराल पक्ष द्वारा कथित तौर पर की गई बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई। पीड़िता इल्मा ने कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद आज, 3 मई 2026 को दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विवाद 29 अप्रैल 2026 को शुरू हुआ था। आरोप है कि इल्मा के पति गुलफान उसकी सास मुबीना और परिवार के अन्य सदस्यों बेटी, जायत व सत्तार ने मिलकर इल्मा के साथ बुरी तरह मारपीट की। हमला इतना भीषण था कि इल्मा गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

परिजनों ने घायल अवस्था में इल्मा को जमालपुर स्थित अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आज इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता के पक्ष ने पति गुलफान, सास मुबीना और अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर मामले में हत्या की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद से बिस्मिल्लाह कॉलोनी में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।