PHM NEWS

अलीगढ़ मेयर प्रशांत सिंघल के पिता रमेश चंद्र सिंघल का देहांत, शहर में शोक की लहर

प्रकाशित: 21 Apr 2026

अलीगढ़ के मेयर प्रशांत सिंघल के पिता और जाने-माने उद्योगपति रमेश चंद्र सिंघल का आज निधन हो गया। उन्होंने सराय लवरिया स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
बताया जा रहा है कि रमेश चंद्र सिंघल पिछले कई वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। व्यापार जगत और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उन्हें एक संघर्षशील और सफल व्यक्तित्व के रूप में याद कर रहे हैं।
रमेश चंद्र सिंघल का जीवन संघर्षों से भरा रहा। उनका जन्म 27 जून 1956 को हुआ था, लेकिन उनके जन्म से पहले ही उनके पिता रघुनाथ प्रसाद का निधन हो गया था। इसके बाद उनका पालन-पोषण उनके ताऊ मलूक चंद्र ने किया।
कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने मेहनत और लगन से खुद को एक सफल उद्योगपति के रूप में स्थापित किया। उनका व्यापार देश-विदेश तक फैला हुआ था और वे अलीगढ़ के प्रमुख उद्यमियों में गिने जाते थे।
उनके निधन पर शहर के गणमान्य लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। परिवार में शोक का माहौल है।