PHM NEWS

अलीगढ़ के कामाख्या रोड स्थित प्रेम नगर में गंदगी से हाहाकार

प्रकाशित: 08 Mar 2026

अलीगढ़ के कामाख्या रोड स्थित प्रेम नगर, मुकुल बिल्डिंग के बराबर वाली गली,  मनोज स्टील के पास में गंदगी का ऐसा खतरनाक मंजर देखने को मिल रहा है, जिसने पूरे इलाके के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि गली से निकलना भी लोगों के लिए किसी सजा से कम नहीं है। सड़कों पर कीचड़, कूड़े के ढेर और तेज बदबू के कारण स्थानीय लोग बीमार पड़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह गंदगी अब नई राजेंद्र नगर तक फैल चुकी है। जगह-जगह कचरे का अंबार लगा है, नालियां जाम पड़ी हैं और मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों में बीमारी के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि गली के सामने पड़े खाली प्लॉट में कुछ डेयरी संचालकों द्वारा जानवर बांधे जा रहे हैं और वहीं उनका मल-मूत्र इकट्ठा किया जा रहा है। उसी जगह पर कूड़ा-करकट भी डाला जा रहा है, जिससे पूरी गली में गंदगी फैल गई है। बदबू इतनी तेज है कि आसपास रहने वाले लोगों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।
इलाके के लोगों का आरोप है कि आसपास चल रही डेयरियों की वजह से यह हालत बनी हुई है। डेयरी से निकलने वाला गोबर, कचरा और गंदा पानी खुले में फेंका जा रहा है, जिससे पूरी गली नरक बन गई है। लोगों का कहना है कि कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन डेयरी संचालक मानने के बजाय लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो जाते हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जब भी गंदगी को लेकर कुछ कहा जाता है तो डेयरी वाले गाली-गलौज करने लगते हैं और कई बार मारपीट करने तक की कोशिश कर चुके हैं, जिससे इलाके के लोग डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सफाई कराई जाए, खाली प्लॉट में जानवर बांधने और कचरा डालने पर रोक लगाई जाए और गंदगी फैलाने व विवाद करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़ी बीमारी या घटना से पहले हालात संभाले जा सकें।