अलीगढ़ के सूत मिल चौराहे पर रोज लग रहा भीषण जाम, राहगीर परेशान
अलीगढ़ शहर का सूत मिल चौराहा इन दिनों भीषण जाम की समस्या से जूझ रहा है। यह चौराहा शहर के सबसे मुख्य और व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां प्रतिदिन भारी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इस चौराहे से दिल्ली, मेरठ, लखनऊ, हरियाणा, आगरा और मथुरा सहित कई प्रमुख स्थानों की ओर जाने वाला ट्रैफिक गुजरता है। यही वजह है कि यहां दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। सुबह स्कूल और दफ्तर जाने के समय तथा शाम को छुट्टी के वक्त हालात और भी खराब हो जाते हैं। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। चौराहे के आसपास सड़क किनारे खड़े वाहन, ई-रिक्शा की अनियमित आवाजाही और अस्थायी दुकानों के कारण सड़क संकरी हो जाती है। ट्रैफिक सिग्नल की अव्यवस्था भी जाम को और बढ़ा देती है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि सूत मिल चौराहे पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यहां एक पुल (फ्लाईओवर) का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। यदि यहां फ्लाईओवर बनता है तो बाहरी जिलों और राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों को सीधा मार्ग मिल सकेगा और शहर के अंदर जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी। शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि सूत मिल चौराहे पर लगने वाले रोजाना के भीषण जाम से राहत मिल सके।