PHM NEWS

बुलंदशहर में युवक की संदिग्ध मौत

प्रकाशित: 08 Apr 2026

बुलंदशहर में युवक की संदिग्ध मौत, मारपीट और जहर देने का आरोप
बुलंदशहर / अलीगढ़:
जनपद बुलंदशहर के थाना छतारी क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने टीटू पुत्र धर्मवीर सिंह, लवकुश, धर्मवीर, जयमाला, सुनीता देवी और पूजा पर मारपीट करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम शेखुपुर निवासी कृष्णा देवी के भाई धर्मेन्द्र, जो अलीगढ़ जिले के थाना जवा क्षेत्र के रहने वाले थे, 6 अप्रैल 2026 को अपनी बहन के घर आए थे। अगले दिन सुबह जब वह वापस अपने घर जा रहे थे, तभी रास्ते में टीटू पुत्र धर्मवीर सिंह ने उन्हें रोक लिया और बहाने से बोला कि “तुम्हारे बेटे की तबीयत खराब है, घर चलो” और उसे अपने साथ अपने घर ले गया।
परिजनों का आरोप है कि वहां ले जाकर धर्मेन्द्र के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की नीयत से उन्हें जहर दिया गया। किसी तरह धर्मेन्द्र मौके से निकलकर अपनी बाइक से चौंडेरे पुलिया पहुंचे, जहां उन्होंने बेहोशी की हालत में अपनी बहन को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर उनकी बहन मौके पर पहुंचीं और उन्हें अपने साथ पुलिस के पास लेकर गईं। इसके बाद धर्मेन्द्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान कुछ समय के लिए होश में आने पर धर्मेन्द्र ने कथित आरोपियों के नाम बताए, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए थाना छतारी में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।