राष्ट्रीय योगी सेना संघ ने थानाध्यक्ष चंडौस के स्थानांतरण की उठाई मांग
अलीगढ़। जनपद में थाना चंडौस के थानाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत को लेकर राष्ट्रीय योगी सेना संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ पठान द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र सौंपा गया है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि 28 अप्रैल 2026 को रामपुर शाहपुर थाना चंडौस क्षेत्र में हुई एक घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने 1 मई 2026 को संगठन से संपर्क कर अपनी परेशानी बताई।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं और चोरी व मारपीट की घटनाओं के बावजूद पुलिस द्वारा उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
राष्ट्रीय योगी सेना संघ ने यह भी बताया कि इस मामले में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ पठान ने थाना चंडौस के थानाध्यक्ष से बातचीत की, लेकिन संतोषजनक समाधान नहीं निकल पाया। संगठन का आरोप है कि बातचीत के दौरान व्यवहार भी उचित नहीं रहा।
इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए राष्ट्रीय योगी सेना संघ ने एसएसपी से थानाध्यक्ष चंडौस के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की है। साथ ही निष्पक्ष जांच कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की अपील की गई है।
फिलहाल, इस मामले में एसएसपी साहब ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।