PHM NEWS

26 सितंबर बवाल में मौलाना तौकीर रजा समेत 90 आरोपियों पर चार्जशीट

प्रकाशित: 18 Dec 2025

26 सितंबरको भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई पूरी कर ली है। इस प्रकरण में मौलाना तौकीर रजा की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस ने सात गंभीर मुकदमों में चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिसमें मौलाना तौकीर रजा सहित कुल 90 आरोपियों को नामजद किया गया है। सभी आरोप पत्र संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत कर दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, 26सितंबर को इस्लामिया ग्राउंड में भीड़ एकत्र करने का आह्वान किया गया था। इसके बाद कोतवाली थाना क्षेत्र के जिला पंचायत रोड पर हालात तेजी से बिगड़ गए। जिला पंचायत गेट के सामने हुए प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और देखते ही देखते उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। हालात काबू से बाहर होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। हिंसा के दौरान उपद्रवियों द्वारा पुलिसकर्मियों से हथियार, वायरलेस सेट और एंटी-राइट गन छीनने जैसी गंभीर घटनाएं भी सामने आई थीं। इस पूरे मामले में पुलिस ने दंगा, सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान और पुलिस पर जानलेवा हमला जैसी संगीन धाराओं में कुल 12 मुकदमे दर्ज किए थे। अब तक की कार्रवाई में पुलिस 100 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि18 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। विस्तृत विवेचना के बाद सात मुकदमों में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। शेष मामलों की जांच अभी जारी है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि 26 सितंबर की हिंसा से जुड़े कुल 12 मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें से सात मामलों में साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। इन मामलों में मौलाना तौकीर रजा और उनके करीबी सहयोगियों के खिलाफ भी ठोस साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। शेष आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।