बरेली न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / बरेली
🚨 Breaking News | बरेली

बरेली में 14 सितंबर से शुरू होगी अग्निवीर सेना भर्ती : 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थी होंगे शामिल

बरेली | 20-Aug-2026 04:21 PM | 11 |
बरेली
12 जिलों के हजारों अभ्यर्थी होंगे शामिल

बरेली, मोमिन खान। भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर सेना भर्ती-2026 का आयोजन बरेली में किया जाएगा। जाट रेजीमेंट केंद्र, बरेली परिसर में 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक भर्ती रैली आयोजित होगी। इसमें बरेली समेत उत्तर प्रदेश के 12 जिलों के हजारों युवा अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।

भर्ती रैली को लेकर तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

12 जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल

सेना के अधिकारियों के अनुसार, अग्निवीर भर्ती रैली में बरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

हजारों युवाओं के बरेली पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और परिवहन समेत तमाम व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती पर जोर

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेना भर्ती की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कराई जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और भर्ती स्थल पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

सेना के अधिकारियों ने पुलिस और जिला प्रशासन से पूर्व में आयोजित भर्ती रैलियों की तरह आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की अपेक्षा की।

स्वास्थ्य और परिवहन की भी रहेगी व्यवस्था

भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग को 108 एंबुलेंस, चिकित्सकों की टीम और आवश्यक दवाओं के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।

अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन और सहायता के लिए शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। वहीं रोडवेज के एआरएम को आर्मी भर्ती की जानकारी वाले फ्लैक्स लगी बसों की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग को रोड रोलर, ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि की व्यवस्था करने तथा विद्युत विभाग को आवश्यकता के अनुसार जनरेटर उपलब्ध कराने को कहा गया है।

इसके अलावा फायर ब्रिगेड को आवश्यक अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने और जिला पंचायत राज विभाग को पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।

भर्ती स्थल पर पेयजल और सफाई की विशेष व्यवस्था

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि नगर निगम की ओर से भर्ती स्थल पर बायोटॉयलेट, वाटर टैंक और सफाई कर्मियों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन रखवाकर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक रजनीश अय्यर, सूबेदार मेजर अनिल कुमार, नायब सूबेदार संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसपी यातायात मो. अकमल खान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, डिप्टी सीएमओ, एआरएम रोडवेज समेत जिला प्रशासन और सेना के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य बातें

  • भर्ती: अग्निवीर सेना भर्ती-2026
  • स्थान: जाट रेजीमेंट केंद्र, बरेली
  • तारीख: 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026
  • जिले: उत्तर प्रदेश के 12 जिले
  • प्रमुख व्यवस्थाएं: सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई और परिवहन

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.