हर घर जल योजना
हर घर जल योजना के क्रियान्वयन में ग्राम पंचायतों की भूमिका अति महत्वपूर्ण : प्रमुख सचिव पीएचई
हर घर जल योजना के कार्यों को तेजी से ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की करें कार्यवाही
प्रमुख सचिव ने हर घर जल योजना के कार्यों की वीसी के माध्यम से की समीक्षा
पाइपलाइनों की जानकारी पीएम गति शक्ति पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड करने के निर्देश
----
प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री पी. नरहरि ने कहा है कि हर घर जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जिला पंचायतों और ग्राम पंचायतों की अति महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सागर संभाग के सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हर घर जल योजना के कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करें तथा इस योजना के अपूर्ण निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण कराएं और ग्राम पंचायतों को समारोहपूर्वक हस्तांतरित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि लोगों के घरों तक पानी पहुँचाने की यह भारत सरकार की अति महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के तहत हर घर तक स्वच्छ और साफ पानी पहुंचाने की कार्यवाही समय-सीमा में सुनिश्चित कराएं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि हर घर जल योजना के कार्यों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने के बाद ग्राम पंचायतों को इस योजना के संचालन और प्रबंधन कैसे करना है, इस संबंध में ग्राम पंचायतों के सचिवों को समुचित प्रशिक्षण देना भी सुनिश्चित किया जाए।
प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री पी. नरहरि ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हर घर जल योजना की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने जिले में कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जिले में हर घर जल योजना के अधूरे निर्माण कार्यों को 31 मार्च तक पूर्ण कराएं और ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। साथ ही निर्देशित करते हुए कहा कि हर घर जल योजना के कार्यों की सतत समीक्षा करें और अपूर्ण कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी ने पाईपलाइन की जानकारी पीएम गति शक्ति पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को समुचित प्रशिक्षण दिया गया है।
प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा जल जीवन मिशन 2.0 की जानकारी देते हुए अवगत कराया कि भारत सरकार ने हाल ही में इस योजना को स्वीकृति दी है।