फतेहपुर
फतेहपुर तहसील के ग्राम टण्ड़वा में भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आज़ाद समाज पार्टी का सदस्यता अभियान
तहसील फतेहपुर आज शनिवार समय करीब 10 बजे ग्राम टड़वा स्थित अम्बेडकर पार्क में भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आज़ाद समाज पार्टी कांशीराम के तत्वावधान में सदस्यता अभियान एवं बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और संगठन से जुड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों, दलितों और पिछड़ों की आवाज़ बुलंद करने के लिए संगठन लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी पर चर्चा करते हुए कहा कि एकजुट होकर संघर्ष करने से ही सत्ता में बदलाव संभव है। बैठक में यह भी तय किया गया कि गाँव-गाँव जाकर जनसंपर्क किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को संगठन से जोड़ा जा सके।
इस मौके पर राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य श्री शानेंद्र वर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि दलितों और पिछड़ों के अधिकारों की लड़ाई लड़ना संगठन का मुख्य उद्देश्य है। जिला संगठन मंत्री दुर्गा प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोगों को जागरूक करें और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुँचाएँ। जिला उपाध्यक्ष मनीष गौतम, प्रतिनिधि/जिला संगठन मंत्री गुलाब बौद्ध तथा सेक्टर अध्यक्ष बसारी रामविजय ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
आयोजन में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इसे एक ऐतिहासिक पल बताया और कहा कि टण्ड़वा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राजनीतिक आयोजन हुआ है। कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त कर सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।