PHM NEWS

थाना सिहानी गेट पुलिस की मुठभेड़ में शातिर लुटेरा गिरफ्तार

प्रकाशित: 24 May 2025

गाजियाबाद: थाना सिहानी गेट पुलिस टीम ने एक मुठभेड़ के दौरान एक कुख्यात लुटेरे को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार लुटेरे के कब्जे से अवैध हथियार, लूट का सामान, और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, बीते दिनों पटेल नगर और लोहिया नगर क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं के सिलसिले में पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर डीपीएस कट की ओर से आ रहे दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों मोटरसाइकिल सवार भागने लगे। एमआरएफ नगर निगम टी-पॉइंट पर पहले से मौजूद टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे बचकर हमदर्द ग्राउंड की ओर भाग निकले, जहां उनकी बाइक फिसल गई।

भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ कार्यवाही में एक बदमाश को गोली लगी। पकड़े गए बदमाश की पहचान रिजवान पुत्र इकराम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बुगरासी, थाना नरसेना, जिला बुलंदशहर का निवासी है और वर्तमान में मवाई, थाना विजय नगर क्षेत्र में किराए पर रह रहा था। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

बरामदगी का विवरण:

  1. एक तमंचा (.315 बोर)

  2. एक जिन्दा और एक खोखा कारतूस

  3. चोरी की एक मोटरसाइकिल

  4. लूट के ₹7000 नकद

  5. लूटा गया मोबाइल फोन

  6. पीली धातु की एक टिकली

अपराधी का इतिहास:
गिरफ्तार रिजवान के खिलाफ गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम में 09, थाना कोतवाली में 02, थाना सिहानी गेट में 03, थाना कविनगर में 01, और हरियाणा में 01, कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चोरी की मोटरसाइकिल से गाजियाबाद और आस-पास के इलाकों में लूटपाट करता था।

फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।