PHM NEWS

Ghaziabad News : विजयनगर में ड्रग्स की तस्करी का भंडाफोड़

प्रकाशित: 01 May 2025

विजयनगर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना और स्थानीय इनपुट के आधार पर एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने अवैध गांजे की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से कुल 2 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्तों में 28 वर्षीय मौसीन उर्फ मोनू और 23 वर्षीय फरहा शामिल हैं।

मौसीन उर्फ मोनू, जो गाजियाबाद के बंजारा चौक मिर्जापुर में किराए के मकान में रहता है, और फरहा, जो सम्राट चौक, विजयनगर की निवासी हैं, दोनों को आर्मी ग्राउंड, विजयनगर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से क्रमशः 1 किलो 150 ग्राम और 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे गांजा खरीद कर उसे छोटी-छोटी पुडियों में पैक कर रेलवे स्टेशन और आर्मी ग्राउंड में चलते फिरते राहगीरों को बेचते थे। वे इस अवैध कारोबार से मिलने वाली रकम से अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि गांजा उन्हें हमेशा किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दिया जाता था, जिसे वे पहचानते नहीं हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता से पुलिस की ड्रग तस्करी के खिलाफ मुहिम को एक और बल मिला है।