PHM NEWS

कमिश्नरेट गाजियाबाद : थाना अंकुर विहार पुलिस मुठभेड़ में 02 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

प्रकाशित: 16 Sep 2025

कमिश्नरेट गाजियाबाद : थाना अंकुर विहार पुलिस मुठभेड़ में 02 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

गाजियाबाद, 15 सितम्बर 2025। कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार पुलिस ने सोमवार को लालबाग क्षेत्र में चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, लालबाग कीकड़ो क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक डाबर तालाब की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने स्कूटी नहीं रोकी और पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने लगे। आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में स्कूटी चला रहे युवक योगेश उर्फ काके पुत्र सूरजपाल उर्फ सुरेश पाल (निवासी प्रेमनगर, थाना करावल नगर, दिल्ली) के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर अस्पताल भिजवाया गया। उसके साथी रोहन पुत्र कृष्ण सिंह (निवासी देवीनगर, शिव विहार, थाना करावल नगर, दिल्ली) को भी पुलिस ने दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों से बरामदगी में 02 तमंचे 315 बोर, 02 खोखा कारतूस, 02 जिंदा कारतूस और एक स्कूटी टीवीएस जूपिटर (रजिस्ट्रेशन नंबर DL11SP5716) शामिल है। बरामद स्कूटी थाना वेव सिटी में पंजीकृत मु0अ0स0 277/25 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित पाई गई है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि घायल आरोपी योगेश उर्फ काके पर चोरी और लूट से जुड़े करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों शातिर अपराधियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।