गाजियाबाद न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गाजियाबाद
🚨 Breaking News | गाजियाबाद

गाजियाबाद में पुलिस की सतर्कता बढ़ी : अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने कौशाम्बी मेट्रो स्टेशन पर चलाया सघन चेकिंग अभियान

गाजियाबाद | 12-Nov-2025 04:43 AM | 11 |
गाजियाबाद
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने कौशाम्बी मेट्रो स्टेशन पर चलाया सघन चेकिंग अभियान

गाजियाबाद। दिल्ली में हुई हालिया विस्फोटक घटना के मद्देनज़र पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं यातायात) श्री आलोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में पुलिस बल ने कौशाम्बी मेट्रो स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पार्किंग क्षेत्र, यात्रियों के बैग, वाहनों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई।

अभियान में बम निरोधक दस्ता (BDDS), डॉग स्क्वॉड, ट्रांस हिण्डन जोन के पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने मौके पर अधीनस्थ पुलिस बल को निर्देश दिए कि वे हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नज़र रखें और सघनता के साथ जांच करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ट्रांस हिण्डन जोन के पुलिस उपायुक्त श्री निमिष पाटील भी इस अभियान में मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हुई घटना को ध्यान में रखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्च स्तर पर समीक्षा की जा रही है। मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल्स और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त टीमें लगातार गश्त और चेकिंग कर रही हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

इसी क्रम में आनंद विहार बॉर्डर बस स्टैंड और शिप्रा मॉल पर भी संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। यहां पुलिस टीम ने वाहनों और यात्रियों की बारीकी से तलाशी ली। साथ ही पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की जांच में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की विशेष भूमिका रही।

ग्रामीण जोन में भी सुरक्षा चेकिंग को लेकर पुलिस बल पूरी तरह सक्रिय है। थाना फोर्स, स्वाट टीम, एलआईयू और एंटी सबोटाज टीम (AS टीम) द्वारा जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सभी इकाइयां मिलकर जिले के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायज़ा ले रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य जनता में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखना और संभावित खतरों को पहले ही रोकना है। गाजियाबाद पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.