Ghaziabad News : गाज़ियाबाद: ‘वादी संवाद दिवस’ पर पुलिस अधिकारियों ने वादियों से की सीधी बातचीत
गाज़ियाबाद। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे वादी संवाद दिवस के तहत शुक्रवार को जिले के सभी थानों में पुलिस अधिकारियों ने वादियों से सीधी बातचीत की। इस अवसर पर वादियों ने अपने मामलों से संबंधित समस्याएं रखीं, जिनका समाधान मौके पर ही करने का प्रयास किया गया।
वादी संवाद दिवस का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाना और न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं विश्वास को बढ़ाना है। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार कमिश्नरेट गाज़ियाबाद में वादी संवाद नीति लागू की गई है, जिसके अंतर्गत हर थाने में नियमित रूप से यह विशेष दिवस आयोजित किया जाता है। इस नीति का लक्ष्य है कि वादियों को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण न्याय मिले।
थानों में पहुंचे वादियों ने पुलिस अधिकारियों से अपने मामलों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। कई वादियों ने बताया कि इस तरह की पहल से उन्हें अपने केस की स्थिति समझने में आसानी होती है और पुलिस से सीधा संवाद स्थापित होने से भरोसा भी बढ़ता है।
पुलिस अधिकारियों ने भी वादियों को यह विश्वास दिलाया कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग पुलिस के कार्य को और अधिक प्रभावी बनाता है।
वादी संवाद दिवस के माध्यम से गाज़ियाबाद पुलिस ने न केवल शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को तेज़ किया है, बल्कि नागरिकों के साथ विश्वास और संवेदना पर आधारित एक नई पहल की शुरुआत भी की है। यह प्रयास पुलिस-जन संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।