IPEM Law Academy ने मिर्जापुर गांव में लगाया
गाजियाबाद। आईपीईएम लॉ अकादमी द्वारा 25 अक्टूबर 2025, शनिवार को “उन्नत भारत अभियान” के तहत गोद लिए गए मिर्जापुर गांव में एक दिवसीय निःशुल्क विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को विभिन्न कानूनी विषयों पर जानकारी प्रदान करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना था।
इस आयोजन में डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विस अथॉरिटी (DLSA) गाजियाबाद और आईपीईएम एलुमनाई एसोसिएशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर में पारिवारिक विवाद, संपत्ति से जुड़े मुद्दे, आपराधिक मामलों, घरेलू हिंसा और अन्य कानूनी समस्याओं पर विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को निःशुल्क परामर्श दिया।
कार्यक्रम में डीएलएसए गाजियाबाद के डिफेंस काउंसिल एडवोकेट सिद्धार्थ तिवारी और एडवोकेट अजय कुमार ने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और विभिन्न कानूनी प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया। इस अवसर पर आईपीईएम लॉ अकादमी की ओर से प्रो. डॉ. योगेश कुमार गुप्ता ने अतिथियों को प्रतीक चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
शिविर में बीए एलएलबी, बीकॉम एलएलबी और एलएलबी के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्रों में बेनजीर, राजू खान, तुषार, इब्राहिम, आरिफ, रितिका, कशिश, दानिश और ओम आदि ने ग्रामीणों की सहायता में सक्रिय भूमिका निभाई।
शिविर के संयोजक प्रो. डॉ. योगेश कुमार गुप्ता, एचओडी डॉ. पूर्णिमा चौधरी तथा स्थानीय पार्षद फहीम चौधरी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रो. डॉ. योगेश कुमार गुप्ता और पार्षद फहीम चौधरी ने कहा कि इस तरह के शिविर न केवल ग्रामीणों को आवश्यक विधिक सहायता और न्याय तक पहुँच प्रदान करते हैं, बल्कि छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान और सामाजिक जिम्मेदारी का भी अनुभव देते हैं।
आईपीईएम लॉ अकादमी की यह पहल समाज में कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देने और वंचित वर्गों तक न्याय पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है। ग्रामीणों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, जिससे आमजन अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें और उन्हें समय पर कानूनी मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।