PHM NEWS

कांवड़ यात्रा 2025 पर 2150 सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी निगरानी

प्रकाशित: 05 Jul 2025

मेरठ, 4 जुलाई 2025: आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेरठ जोन के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने जानकारी दी कि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा पर कुल 2150 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जाएगी, ताकि पूरे मार्ग की 24x7 निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

DIG नैथानी ने बताया कि मेरठ रेंज में अब तक 1765 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 385 कैमरे जल्द ही इंस्टॉल किए जाएंगे। इसके साथ ही 139 आईपी-बेस्ड मोबाइल ऑपरेटेड कैमरे भी निगरानी में मदद करेंगे, जिन्हें आवश्यकता अनुसार स्थान बदला जा सकता है।

जिलेवार सीसीटीवी व्यवस्था:
  • बागपत जिले में अब तक 394 कैमरे लगाए गए हैं, और 133 और कैमरे लगाए जाने की योजना है।

  • बुलंदशहर जिले में 292 कैमरे इंस्टॉल किए जा चुके हैं, जबकि 22 और कैमरे लगाए जाने बाकी हैं। यहां 72 कैमरे आईपी-बेस्ड होंगे

  • हापुड़ जिले में 482 कैमरे पहले ही लगाए जा चुके हैं, और 33 कैमरे और इंस्टॉल किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 45 कैमरे आईपी-बेस्ड होंगे, जो मोबाइल से ऑपरेट किए जा सकेंगे।

DIG नैथानी ने बताया कि नहर पटरी, मुरादाबाद सीमा और सहारनपुर सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील स्थानों जैसे नरोरा गंगा बैराज और हस्तिनापुर गंगा ब्रिज पर विशेष निगरानी के इंतजाम किए गए हैं।

नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था:

यात्रा मार्ग में पड़ने वाले सभी जिलों की पुलिस लाइनों में कंट्रोल रूम स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रमुख मंदिरों और सर्किल ऑफिसों में भी नियंत्रण कक्ष बनाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सके।

DIG ने कहा कि ये सभी व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हैं और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। आमजन से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

कांवड़ यात्रा 2025 को हाई-टेक निगरानी के तहत सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।