गाजियाबाद न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गाजियाबाद
🚨 Breaking News | गाजियाबाद

श्रावण मास में सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे पुलिस आयुक्त : श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर व कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण

गाजियाबाद | 23-Jul-2025 12:05 AM | 10 |
गाजियाबाद
श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर व कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण

गाजियाबाद, 21 जुलाई 2025 – पवित्र श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को पुलिस आयुक्त गाजियाबाद ने श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं कानून व्यवस्था), जिलाधिकारी गाजियाबाद, पुलिस उपायुक्त नगर/मुख्यालय, सहायक पुलिस आयुक्त कांवड़ सेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने मंदिर मार्ग और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी एवं अन्य तकनीकी उपकरणों की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न हो और सभी तकनीकी संसाधनों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखा जाए।

पुलिस आयुक्त व जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रियों की सुरक्षा, मार्ग में साफ-सफाई, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और यातायात नियंत्रण जैसी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने पर बल दिया गया।

श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर के भ्रमण के दौरान पुलिस आयुक्त ने मंदिर के मुख्य पुजारी महंत नारायण गिरि महाराज से भी भेंट की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आने वाले दिनों में जब मंदिर में भीड़ बढ़ेगी, तब सूचना संप्रेषण की गति, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, भीड़ नियंत्रण एवं त्वरित कार्यवाही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

श्रावण मास के इस पावन अवसर पर कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा हुआ है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.