वैलेंटाइन डे से पहले यूपी में हिंदू संगठनों की धमकी
वैलेंटाइन डे है। यूपी में इसको लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल, क्रांति सेना और हिंदू जागृति मंच के कार्यकर्ता सख्त हो गए हैं। मुरादाबाद में हिंदू संगठन ने धमकी देते हुए कहा कि हमारे कार्यकर्ता लाठी-डंडे लेकर पार्क, मॉल और होटल में तैनात रहेंगे।
अगर कोई प्रेमी जोड़ा 14 फरवरी को पकड़ा गया, तो उसे प्रेमिका से राखी बंधवाएंगे। उठक-बैठक कराएंगे। वहीं, गाजियाबाद में हिंदू जागृति मंच का पार्क में लाठी-डंडे लेकर घूमने का वीडियो भी सामने आया है।
मुरादाबाद में राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा- यह देश भारतीय हिंदू संस्कृति के हिसाब से ही चलेगा। किसी भी प्रकार से लव जिहाद या पाश्चात्य संस्कृति को बढ़ावा नहीं देने दिया जाएगा। कोई प्रेमी जोड़ा वैलेंटाइन डे मनाते पकड़ा गया तो ऐसी सजा मिलेगी कि जीवन भर याद रखेगा।
प्रेमी जोड़ा सिनेमाघर, मॉल, कॉफी शॉप, कैफे, होटल, रेस्टोरेंट और पार्क में घूमते मिला तो लड़की से साथ वाले लड़के को राखी बंधवाएंगे। अगर मनाना ही है तो पुलवामा हमले में शहीद हुए वीरों की याद का दिवस मनाया जाए।
इस दिन को माता-पिता पूजन दिवस के रूप में भी मनाया जा सकता है। प्रेमी जोड़े शहर में वैलेंटाइन डे मनाने निकलेंगे, तो बजरंग दल के कार्यकर्ता उन्हें सबक सिखाने के लिए सड़क पर मौजूद होंगे।
गाजियाबाद में भी वैलेंटाइन डे को लेकर पहरा लग गया है। हिंदू जागृति मंच के कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ पार्कों में गश्त कर रहे हैं। संगठन के सदस्य विपिन और अजय ने स्वर्ण जयंती पार्क में युवाओं से पूछताछ की। उनकी पहचान की जांच की।
संगठन का कहना है कि युवाओं को घर में रहकर शहीदों की याद में दीया जलाना चाहिए। हम लोग मॉल और पार्कों की निगरानी करेंगे। वहां आने वाले लोगों के आधार कार्ड की जांच करेंगे। जरूरत पड़ने पर लड़का-लड़की के घर वालों से भी संपर्क किया जाएगा।
संगठन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग पार्कों में अनैतिक गतिविधियों में लिप्त हैं। सुबह की सैर के लिए आने वाली महिलाओं के लिए असुविधा पैदा कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पहले प्यार से समझाएंगे, लेकिन नहीं माने तो सख्त कार्रवाई करेंगे।
मुजफ्फरनगर में वैलेंटाइन डे से पहले जिले में प्रेमी जोड़ों पर सख्ती दिखने लगी है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के पचेंड़ा रोड स्थित एक होटल से युवक-युवती को पकड़ा गया। लड़की के घर वालों को जैसे ही इसकी भनक लगी, वे होटल पहुंच गए और वहां हंगामा कर दिया।
गुस्साए घर वालों ने युवक और अपनी बेटी की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक और उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया। लड़की और उसके घर वालों को भी थाने ले जाया गया।