Ghaziabad News : श्री अजय कुमार मिश्र का स्थानांतरण
गाजियाबाद, 18 अप्रैल 2025 — गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त श्री अजय कुमार मिश्र का स्थानांतरण पुलिस महानिरीक्षक, प्रयागराज रेंज प्रयागराज के पद पर हो गया है। उनके इस स्थानांतरण पर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी और उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
श्री मिश्र ने गाजियाबाद में अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिस की जनहितकारी छवि को मजबूत करने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए। उनके नेतृत्व में पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर क्राइम पर नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और महिला सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुलिसिंग को और अधिक प्रभावशाली एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में भी कार्य किया।
गाजियाबाद पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें एक प्रेरणादायक, कर्मठ एवं दूरदर्शी अधिकारी के रूप में याद किया। विदाई समारोह के दौरान भावनात्मक माहौल रहा, जहां सभी ने उनके साथ बिताए समय और उनके मार्गदर्शन की सराहना की।
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की ओर से उन्हें नयी जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। सभी ने विश्वास जताया कि श्री मिश्र प्रयागराज रेंज में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से करते हुए सफलता की नई ऊंचाइयों को छूएंगे।