PHM NEWS

Pahalgam Attack: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहलगाम आतंकी हमले में शहीद शुभम द्विवेदी को दी श्रद्धांजलि

प्रकाशित: 24 Apr 2025

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए उत्तर प्रदेश निवासी शुभम द्विवेदी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कानपुर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "न केवल देश ने, बल्कि दुनिया के हर सभ्य समाज ने इस घटना की निंदा की है। यह घटना इस बात का संकेत है कि आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्दोष पर्यटकों पर हमला कर बहन-बेटियों के सामने उनके सिंदूर को उजाड़ना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है, विशेषकर भारत में यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि भारत सरकार की आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पूरी सख्ती से लागू की जा रही है और इसका प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में ठोस निर्णय लिए गए हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने खुद हमले वाले क्षेत्रों का दौरा किया और आगे की रणनीति के तहत आतंकवाद के खात्मे की नई पहल शुरू की गई है।

उन्होंने कहा, “पूरे भारत को प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर विश्वास रखना चाहिए। मैंने स्वयं शहीद शुभम द्विवेदी के परिवार से भेंट कर संवेदना प्रकट की है। दुख की इस घड़ी में पूरा देश इस अमानवीय और बर्बर कृत्य की निंदा करता है।”

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने इस हमले को अंजाम दिया है, उन्हें और उनके आकाओं को सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा, "यह डबल इंजन की सरकार है, और हम जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं।"