Ghaziabad News : धर्म परिवर्तन विरोधी कानून को बरकरार रखने की मांग
ग़ाज़ियाबाद, 11 अक्टूबर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप), संत समाज एवं हिंदू संगठन परिवार के कार्यकर्ताओं ने आज जिला कलक्ट्रेट, ग़ाज़ियाबाद में विहिप अध्यक्ष आलोक गर्ग के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बनाए गए धर्म परिवर्तन विरोधी कानून को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दिए जाने के विरोध में किया गया।
प्रदर्शन के दौरान विहिप, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नारेबाजी करते हुए सरकार से अपील की कि इस कानून को किसी भी सूरत में कमजोर न किया जाए। संगठन ने कहा कि यह कानून सनातन धर्म और हिंदू समाज की सुरक्षा का कवच है, जिसे समाप्त करने का कोई भी प्रयास हिंदू आस्था पर सीधा आघात होगा।
विहिप अध्यक्ष आलोक गर्ग ने कहा कि धर्म परिवर्तन विरोधी कानून न केवल धर्मांतरण की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाता है, बल्कि महिलाओं, युवतियों और समाज की सांस्कृतिक सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ तत्व सुनियोजित तरीके से समाज में भ्रम फैलाकर इस कानून को समाप्त करने की साजिश कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
संगठन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि सुप्रीम कोर्ट में इस कानून का मजबूती से पक्ष रखा जाए और इसे पूर्ण रूप से लागू रखा जाए ताकि राज्य में सांस्कृतिक और धार्मिक संतुलन कायम रहे।
प्रदर्शन में विहिप, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ग़ाज़ियाबाद — आलोक गर्ग 📞 +91 98100 46957