PHM NEWS

अधिवक्ता परिषद चोमेला ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

प्रकाशित: 14 Dec 2025

अभीभाषक परिषद चोमेला द्वारा एसडीम को मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन

ज्ञापन में बताया कि चोमेला, तहसील गंगधार में एसीजेएम न्यायालय वर्ष 1996 से कार्यरत है, जो जिला मुख्यालय से लगभग 130 किलोमीटर दूर स्थित है। वर्तमान में एडीजे न्यायालय भवानी मंडी में स्थापित है, जो चोमेला से लगभग 100 किलोमीटर दूर पड़ता है। इस दूरी के कारण चोमेला क्षेत्र के अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों को एडीजे न्यायालय भवानी मंडी में उपस्थित होने हेतु गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। न्यायालय समय में आने-जाने में समय, श्रम एवं धन—तीनों की हानि होती है।

एडीजे भवानी मंडी न्यायालय में चोमेला–गंगधार क्षेत्र से संबंधित लगभग 400 प्रकरण लंबित हैं। चोमेला क्षेत्र के अंतर्गत गंगधार, डग तथा नागेश्वर उंहैल — तीनों थाने आते हैं। साथ ही गंगधार में उपखंड न्यायालय भी स्थापित है। चोमेला एसीजेएम न्यायालय परिसर में एडीजे के कैंप कोर्ट हेतु सभी आवश्यक सुविधाएँ पहले से उपलब्ध हैं।

लंबी दूरी और व्यय के कारण अधिवक्ता तथा पक्षकारों को आर्थिक हानि होती है, जिससे विधि प्रदत्त “सस्ता एवं सुलभ न्याय” की संकल्पना बाधित होती है। अतः चोमेला में एडीजे न्यायालय का कैंप कोर्ट अनुमोदित किए जाने की मांग की गई है, ताकि चोमेला क्षेत्रवासियों को सुविधाजनक, सुलभ व किफायती न्याय मिल सके। यह क्षेत्र की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात सिद्ध होगी। ज्ञापन देने में बार अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, सचिव प्रशांत सोनी, वरिष्ट अधिवक्ता रतन लाल राठौर, सत्यनारायण जी सहित सभी अधिवक्ता गण मौजुद रहे