PHM NEWS

आरोग्य भारती झालावाड़ द्वारा 140 विद्यार्थियों को स्वर्णप्राशन

प्रकाशित: 20 Dec 2025

आरोग्य भारती के तत्वावधान में 140 विद्यार्थियों को कराया गया स्वर्णप्राशन

झालावाड़।
आरोग्य भारती चित्तौड़ प्रांत जिला झालावाड़ के तत्वावधान में दिनांक 19 दिसंबर 2025 को सेवा भारती सेवाधाम छात्रावास में विद्यार्थियों का स्वर्णप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में डॉ. संदीप निर्मल एवं डॉ. प्रियांशु परेता द्वारा छात्रों को स्वर्णप्राशन कराया गया। इस अवसर पर सेवाधाम के अधीक्षक दिनेश कुमार उपस्थित रहे।

इसके पश्चात साईं मानसिक विमंदित आवासीय विद्यालय, झालावाड़ में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें भी स्वर्णप्राशन कराया गया।

डॉ. संदीप निर्मल ने जानकारी देते हुए बताया कि आज कुल 16 वर्ष से कम आयु के 140 छात्र-छात्राओं को स्वर्णप्राशन कराया गया। स्वर्णप्राशन आयुर्वेद का एक प्रभावी रोग प्रतिरोधक उपाय है, जो 16 संस्कारों में से एक प्रमुख संस्कार माना गया है। इसमें शुद्ध स्वर्ण भस्म, गोघृत, मधु, ब्राह्मी, शंखपुष्पी सहित अन्य मेध्य औषधियों का प्रयोग किया जाता है।

डॉ. प्रियांशु परेता ने बताया कि आयुर्वेद के अनुसार स्वर्ण भस्म पाचन तंत्र को सुदृढ़ करता है तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। स्वर्णप्राशन से मेधा, बुद्धि एवं ध्यान का विकास होता है, बच्चों को वायरल रोगों से सुरक्षा मिलती है तथा सुनने, देखने और बोलने से संबंधित क्रियाओं के विकास में सहायता मिलती है। यह हड्डियों एवं मांसपेशियों के विकास के साथ-साथ सामान्य एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की मानसिक एवं शारीरिक वृद्धि में सहायक है।

कार्यक्रम में प्रेमलता खंडेलवाल, ममता निर्मल, वर्तिका खंडेलवाल, निकिता, योगिता एवं रवि रेगर उपस्थित रहे।