PHM NEWS

पर्यवेक्षक भारती लड्डा को सेवानिवृत्ति पर भावुक विदाई

प्रकाशित: 12 Feb 2026

सेवानिवृत्ति पर भावुक विदाई: पर्यवेक्षक भारती लड्डा का आंगनबाड़ी परिवार ने किया सम्मान

झालावाड़ जिले के गंगधार उपखण्ड क्षेत्र की बाल विकास विभाग में लंबे समय तक समर्पित सेवा देने वाली महिला पर्यवेक्षक भारती लड्डा के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को क्षेत्र में आंगनबाड़ी परिवार ने भावभीनी विदाई दी। स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें ब्लॉक क्षेत्र की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और आशा सहयोगिनियां मौजूद रहीं।
वक्ताओं ने लड्डा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और मातृभाव से किया। उनके मार्गदर्शन में विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़े कई नवाचार सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
समारोह में सहकर्मियों ने माल्यार्पण कर शॉल-श्रीफल भेंट किए और स्मृति-चिन्ह देकर उनका सम्मान किया। विदाई के दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घ जीवन की कामना करते हुए भावुक शब्दों में अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, आशा सहयोगिनियां सहित विभागीय कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से उनके योगदान को स्मरण करते हुए आभार व्यक्त किया।