हरनावदा में पेयजल संकट गहराया
डग झालावाड़
हरनावदा में पेयजल संकट गहराया: मानदेय नहीं मिलने पर वाल्व ऑपरेटर का विरोध, सप्लाई ठप होने से गांव प्यासा
झालावाड़ जिले की डग पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत हरनावदा के हरनावदा गांव में पेयजल संकट अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने से नाराज वाल्व ऑपरेटर के विरोध के बाद पूरे गांव की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सप्लाई बंद होने से गांव के नलों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बढ़ती समस्या के बीच ग्रामीणों में नाराजगी और आक्रोश भी बढ़ता दिखाई दे रहा है।
नेताओं के दौरे पर ही आती है पानी की धार!
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था केवल बड़े नेताओं और जनप्रतिनिधियों के दौरों के समय ही सक्रिय नजर आती है। लोगों का कहना है कि जब सांसद दुष्यंत सिंह या अन्य बड़े नेताओं का दौरा होता है, तब नलों में पानी आने लगता है, लेकिन कार्यक्रम खत्म होते ही हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने तंज कसते हुए कहा कि क्षेत्रीय नेता जनता की मूल समस्याओं के समाधान से ज्यादा फोटो सेशन और राजनीतिक सक्रियता में व्यस्त दिखाई देते हैं। उनका कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह के कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय नेताओं की सक्रियता तो नजर आती है, लेकिन गांव की रोजमर्रा की समस्याओं की सुध लेने वाला कोई नहीं दिखता।
बकाया भुगतान पर उलझा पूरा मामला
वाल्व ऑपरेटर का कहना है कि पूर्व में बकाया मानदेय भुगतान की जिम्मेदारी ठेकेदार स्तर पर तय की गई थी, लेकिन चालू माह के भुगतान को लेकर अब तक कोई स्पष्टता नहीं है। ऑपरेटर ने सवाल उठाया कि वर्तमान माह में किए गए कार्य का भुगतान आखिर कौन करेगा? इसी असमंजस और नाराजगी के चलते विरोध स्वरूप सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हुई।
जिम्मेदारों की चुप्पी से बढ़ा ग्रामीणों का गुस्सा
मामले को लेकर अब तक संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। पेयजल संकट गहराने से ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं।