पूर्व विधायक को एससी प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर दौड़ी हर्ष की लहर
डग-डग विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मदनलाल वर्मा को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एससी प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। जैसे ही यह जानकारी समर्थकों और कार्यकर्ताओं तक पहुँची, बधाइयों का तांता लग गया। समर्थकों ने एकत्र होकर माला पहनाकर, श्रीफल भेंट कर एवं मिठाइयाँ बांटकर पूर्व विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर राधेश्याम प्रधान, उदयराम व्यास, मंगल शर्मा, उमाशंकर प्रधान, बलराम व्यास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मदनलाल वर्मा के संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से एससी प्रकोष्ठ को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
समर्थकों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मदनलाल वर्मा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ सेवा का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और “सबका साथ, सबका विकास” के मूलभूत सिद्धांत पर कार्य करती आई है। वर्मा ने भरोसा दिलाया कि वे दलित, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा एवं सामाजिक न्याय को मजबूती देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी, ताकि कांग्रेस की नीतियाँ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सकें। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इस नियुक्ति से क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और सक्रियता देखने को मिल रही है।