PHM NEWS

रुक्मिणी विवाह उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

प्रकाशित: 12 Feb 2026

रुक्मिणी विवाह उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, शोभायात्रा मे जयकारों से गूंजा कस्बा

झालावाड़ जिले के गंगधार उपखण्ड क्षेत्र के उन्हेल नागेश्वर मे भक्ति, संस्कृति और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला
कस्बे में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा के समापन अवसर पर रुक्मिणी विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथा के अंतिम दिन पांडाल में विधि-विधान से यज्ञ पूर्णाहुति संपन्न हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कथावाचक वर्षा नागर ने कथा वाचन करते हुए धर्म रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा से ही राष्ट्र सुरक्षित रह सकता है तथा मानव मात्र को गौ माता की सेवा व संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। कथा श्रवण के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
समापन अवसर पर भगवान की पोथी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरी। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। पूरा कस्बा भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।
शोभायात्रा का समापन नाकोड़ा जैन मंदिर परिसर में भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन के साथ हुआ। आयोजन में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं रुक्मिणी विवाह प्रसंग का मनमोहक आयोजन भी किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का आयोजन सिसोदिया ट्रेडर्स परिवार द्वारा किया गया। कथा के समापन पर आयोजकों ने कथावाचक का स्वागत-सम्मान कर आभार व्यक्त किया।