PHM NEWS

झालावाड़ हरिगढ़ महिला सशक्तिकरण सम्मेलन

प्रकाशित: 23 Dec 2025

झालावाड़: डग के हरिगढ़ में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन, सीएम भजनलाल शर्मा बोले– महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाएगी सरकार
झालावाड़ न्यूज | डग विधानसभा | महिला सशक्तिकरण सम्मेलन | भजनलाल शर्मा | वसुंधरा राजे
राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा झालावाड़ जिले की डग विधानसभा क्षेत्र के हरिगढ़ (दुधालिया ग्राम पंचायत) पहुंचे। यहां आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन एवं जनसभा को उन्होंने संबोधित किया।
मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह, मंत्री ओटाराम देवासी सहित अन्य जनप्रतिनिधि सड़क मार्ग से पहुंचे। हेलीपैड पर वसुंधरा राजे, दुष्यंत सिंह और मंत्री ओटाराम देवासी ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
उद्यान, गौशाला और बायोगैस संयंत्र का किया निरीक्षण
सभा से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उद्यान, गौशाला, बायोगैस संयंत्र एवं प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महिला सशक्तिकरण पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और सामाजिक क्षेत्रों में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में सशक्त बनाने के लिए निरंतर योजनाएं लागू कर रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।
अरावली पर्वतमाला मुद्दे पर कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अरावली पर्वतमाला के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनता को भ्रमित करने की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जनता को गुमराह कर रहे हैं।
सीएम ने स्पष्ट किया कि अरावली पर्वतमाला के साथ न तो कोई छेड़छाड़ हुई है और न ही होने दी जाएगी।
क्षेत्रीय विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की उठी मांग
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह ने क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया और इन्हें और अधिक गति देने की आवश्यकता बताई।